-
दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी के रिटायरमेंट की अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया है। क्या धोनी शनिवार को रिटायरमेंट का ऐलान करेंगे?
क्या एमएस धोनी शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2025 मैच के बाद रिटायरमेंट का ऐलान कर देंगे? 43 वर्षीय धोनी के संन्यास को लेकर एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सीएसके और डीसी चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आमने-सामने हैं। अटकलों की शुरुआत उस वक्त हुई, जब धोनी के माता-पिता पहली बार स्टेडियम में मैच देखने को लिए पहुंचे। धोनी की पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद हैं।
दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज के आईपीएल से रिटायर होने की चर्चा पिछले कई सालों से हो रही है लेकिन धोनी ने स्पष्ट तौर पर कभी कुछ नहीं कहा। उन्होंने आईपीएल 2024 से पहले सीएसके की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतीं। वह आईपीएल के संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तान हैं। धोनी ने 2020 में इंटनेशनलल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था मगर आईपीएल में एक्टिव हैं।
धोनी के माता-पिता की स्टेडियम में मौजूदगी के बाद फैंस के जमकर रिएक्शन आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, ”धोनी के परिवार को मैदान में देखकर अच्छा लगा। हो सकता है कि यह रिटायरमेंट का संकेत हो।” दूसरे ने कहा, ‘’धोनी के माता-पिता पहली बार स्टेडियम में आए हैं। क्या यह संन्यास का संकेत है?” तीसरे ने लिखा, ”ताकत, शांति और यूनिटी। एक ऐसा परिवार जो मैदान के बाहर भी उतना ही प्रेरित करता है, जितना माही मैदान पर करते हैं।” अन्य ने कहा, ”क्या माही परिवार की मौजूदगी में रिटायर होने वाले हैं?”
धोनी ने आईपीएल में 267 मैच खेले हैं। उन्होंने इस दौरान 232 पारियों में बल्लेबाजी की और 39.18 की औसत से 5289 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 137.70 का रहा है। वह आईपीएल में अब निचलक्रम में बैटिंग के लिए उतरते हैं और ताबड़तोड़ अंजाम में फैंस का मनोरंजन करते हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में नाबाद 30 और 16 रनों की पारी खेली थी। वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ बैटिंग करने आए थे लेकिन बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे।
