इस बार वह अपने बर्थडे पर चॉकलेट केक काटना चाहती थी। कल (मंगलवार) वह 18 साल की होने वाली थी। लेकिन, आज वह वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रही है। एक सनकी प्रेमी ने बर्थडे से महज 48 घंटे पहले उसे चाकू से गोद डाला। दिल्ली कैंट में रविवार रात को हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
वेंटिलेटर पर मौत से जूझ रही दिल्ली की एक लड़की की मां ने कहा, “हम बहुत खुश थे कि वह कल (मंगलवार) 18 साल की हो जाएगी। लेकिन, हमें नहीं पता था कि उससे पहले मेरी बेटी के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा।” सरोज (45), जो एक घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली 45 साल की सरोज ने बताया कि बताया कि बालिग होने की कगार पर खड़ी उनकी बेटी वेंटिलेटर पर है। वह जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। अब हर जश्न मातम में बदल गया है। सरोज ने दुख जताते हुए कहा कि कौन जानता था कि एक पागल आदमी उसे इतनी बेरहमी से चाकू मार देगा। वह अपने जन्मदिन के लिए चॉकलेट केक खरीदना चाहती थी।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात 20 साल के अमित नामक लड़के ने नाबालिग लड़की पर कई वार किए और बाद में उसने खुद को भी उसी चाकू से घायल कर लिया। मामले की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 45 सेकंड की इस क्लिप में एक आदमी और एक महिला खून से लथपथ हालत में सड़क के डिवाइडर पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके आसपास राहगीरों की भीड़ जमा है।
पुलिस ने बताया कि लड़की की गर्दन और पेट के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आईं हैं। घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया गया है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पहले बताया था कि लड़की की उम्र 19 साल है।
मां के अलावा, लड़की के दो भाई-बहन हैं। बड़ी बहन शादीशुदा है और एक 15 साल का छोटा भाई है। उत्तर प्रदेश के एक गांव में रहने वाले पीड़िता के पिता ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी। इसके बाद वे लोग दिल्ली आ गए।
लड़की अपने भाई के साथ सदर बाजार छावनी में एक दुकान पर पार्ट-टाइम काम करती थी, जहां आरोपी भी काम करता था। पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी और पीड़ित लड़की पिछले साल से दोस्त थे और किसी बात को लेकर उनके बीच मनमुटाव हो गया था।
कथित वीडियो में अमित को लड़की का पीछा करते और उसका हाथ पकड़ने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। लड़की इसका विरोध करती हुई दिखाई देती है। उसके बाद वह चाकू से वार कर देता है।
पीड़िता की मां की नियोक्ता प्रोमिला ने कहा कि वह उसे एक प्यारी और मेहनती लड़की के रूप में याद करती हैं। उन्होंने शहर में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई लड़की किसी लड़के से बात करती है, तो क्या इससे किसी को ऐसा करने का अधिकार मिल जाता है? हम पूरी ताकत से लड़ेंगे और उसे न्याय दिलाएंगे ।
उन्होंने कहा कि उसकी मां पूरे दिन मेहनत करके अपना गुजारा करती है। घटना के बाद से उसने न तो कुछ खाया है और न ही सोई है। पुलिस को यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ करना चाहिए कि युवा लड़कियां और महिलाएं सुरक्षित रहें। लड़की कोचिंग क्लास ले रही थी। उसने नौकरी पाने और अपनी मां को बेहतर जीवन देने के लिए नौकरी के कुछ आवेदन पत्र भी भरे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
