यूपी में शादी-ब्याह के हर दिन नए-नए केस सामने आ रहे हैं। कहीं दुल्हन ब्यूटी पॉर्लर से फरार हो जा रही है तो कहीं दूल्हा मंडप से ही चला जा रहा है। ऐसा ही एक मामला कौशांबी में देखने को मिला है। यहां एक युवक बारात लेकर पहुंचा था। बारातियों की लड़की वालों ने अच्छे से खातिरदारी की थी। सभी शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। मंडप में दूल्हा और दुल्हन भी फेरे लेने के पहुंच चुके थे। दोनों फेरे ले ही रहे थे कि अचानक एक लड़की ने शादी समारोह में पहुंचकर बवाल करा दिया। लड़की को देखकर दूल्हा बीच फेरों से उठा और उसी के साथ भाग निकला। दुल्हन मंडप में ही बैठी रह गई। दूल्हे की इस हरकत के चलते शादी की खुशियां काफूर हो गईं। लड़की वालों लड़के वालों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है।
आज तक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी रसूलपुर नेवादा निवासी नरेश पुत्र रामलाल से तय की थी। 25 अप्रैल को तिलक समारोह हुआ था। लड़की वालों ने अपने सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसमें बाइक, 51 हजार रुपये नकद, कपड़े और अन्य उपहार थे। 29 अप्रैल को बारात आनी थी। दूल्हा नरेश बारातियों के साथ लड़की के दरवाजे पर पहुंच भी गया। यहां लड़की वालों ने शादी की सभी रस्मों को शुरू किया। द्वारचार के बाद खाना-पीना हुआ। इसके बाद शादी की अन्य रस्मों को निभाया गया। रात करीब तीन बजे दूल्हा फेरे लेने के लिए मंडप में पहुंचा। दूल्हे ने दुल्हन के साथ फेरे लेने शुरू ही किए थे कि दूल्हे की प्रेमिका वहां आ धमकी।
उसने दूल्हे को धमकी देते हुए कहा कि मेरे साथ शादी की है तुमने, निभाओगे नहीं तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। प्रेमिका का रूप देखकर दूल्हे की सिट्टी-बिट्टी गुल हो गई। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद मंडप में दुल्हन को छोड़कर दूल्हा प्रेमिका संग भाग निकला। यह देखकर बाराती और लड़की वाले सभी दंग रह गए। लड़की के पिता ने दूल्हे पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस मामले में एएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के पिता ने शिकायत की है कि लड़के वालों ने धोखाधड़ी की है। उसका कहना है कि मंडप में बेटी को छोड़कर दूल्हा किसी और लड़की के साथ चला गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है।

